मुजफ्फरनगर। जिले में अक्टूबर माह के राशन का वितरण 10 अक्टूबर से शुरू होगा। अंत्योदय और पात्र गृहस्थी योजना के लाभार्थियों को 25 अक्टूबर तक उचित दर की दुकानों पर गेहूं और चावल निःशुल्क दिया जाएगा। जिला पूर्ति विभाग ने वितरण को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।अंत्योदय राशन कार्डधारकों को एक कार्ड पर 21 किलोग्राम गेहूं और 14 किलोग्राम चावल दिए जाएंगे। इस तरह प्रत्येक अंत्योदय परिवार को कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न मिलेगा। पात्र गृहस्थी कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य के हिसाब से पांच किलोग्राम राशन दिया जाएगा। इसमें तीन किलोग्राम गेहूं और दो किलोग्राम चावल शामिल हैं।जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय ने बताया कि राशन का वितरण ई-पॉस मशीन के माध्यम से किया जाएगा। लाभार्थी चाहे तो पोर्टेबिलिटी सुविधा के जरिए उपलब्ध स्टॉक वाली किसी अन्य उचित दर दुकान से भी राशन प्राप्त कर सकेंगे। आधार प्रमाणीकरण में परेशानी होने वाले लाभार्थियों के लिए मोबाइल पर प्राप्त एक बार इस्तेमाल होने वाले पासवर्ड के माध्यम से राशन लेने की सुविधा भी रहेगी। यह सुविधा 25 अक्टूबर तक उपलब्ध होगी।राशन वितरण का समय सुबह आठ से दोपहर 12 बजे और दोपहर दो से शाम छह बजे तक निर्धारित किया गया है। व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी की ओर से दुकान और क्षेत्रवार नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। ये अधिकारी दुकानों का निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था पर नजर रखेंगे। गड़बड़ी मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।विभाग ने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपनी उचित दर दुकान पर पहुंचकर ई-पॉस मशीन के माध्यम से अपना खाद्यान्न प्राप्त कर लें। योजना के तहत निःशुल्क खाद्यान्न वितरण का खर्च भारत सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है।