शामली। रेलवे स्टेशन पर यात्री का बैग चोरी होने के मामले में जीआरपी ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी किया गया वीवो कंपनी का मोबाइल बरामद किया है। मोबाइल की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी बागपत जिले का रहने वाला है।बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र के पलठेड़ी गांव निवासी नईम ने सात अक्टूबर को जीआरपी थाने में बैग चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, बैग में कपड़े, मोबाइल और अन्य सामान रखा हुआ था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।मामले के खुलासे के लिए थाना प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार नागर ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने सुरागरसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्ध की तलाश की। पुलिस के मुताबिक, आठ अक्टूबर को दोपहर करीब 12:20 बजे शामली रेलवे स्टेशन के माल गोदाम के पास से विकास निवासी भगवानपुर, थाना दोघट, जिला बागपत को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल बरामद हुआ।पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) भी बढ़ाई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। हालांकि, बैग में रखे कपड़ों और अन्य सामान की बरामदगी के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई है।