चार पिस्टल, सात तमंचे और 40 कारतूस बरामद, हथियारों की आपूर्ति करने वालों की तलाश में जुटी पुलिस
मुजफ्फरनगर। जिले में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खालापार थाना पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 11 अवैध हथियार और 40 कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने हथियारों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हथियारों की खरीद और आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार, खालापार चौकी प्रभारी असगर अली अपनी टीम के साथ फक्करशाह चौक पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन युवक मोटरसाइकिल पर अवैध हथियार लेकर गहरा बाग की ओर से आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने शारदेन स्कूल के पीछे घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।कुछ देर बाद पुलिस को एक काले रंग की मोटरसाइकिल पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर उन्होंने वापस लौटने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।पुलिस के मुताबिक, बरामद हथियारों में 32 बोर की चार पिस्टल, 315 बोर के पांच तमंचे, 12 बोर का एक तमंचा और 32 बोर का एक तमंचा शामिल है। इसके अलावा 32 बोर के 20, 315 बोर के 10 और 12 बोर के 10 कारतूस बरामद किए गए हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चरथावल थाना क्षेत्र के बिरालसी गांव निवासी अंकित उर्फ लादेन, वैभव उर्फ विशु और आकाश उर्फ काला के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने कम कीमत पर हथियार खरीदकर अधिक दाम में बेचने की बात बताई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किन लोगों को बेचा जाना था।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। अंकित उर्फ लादेन के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, चोरी, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर अधिनियम सहित विभिन्न मामलों का उल्लेख किया गया है। आकाश उर्फ काला का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।खालापार थाना पुलिस ने मामले में शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हथियारों की आपूर्ति के स्रोत और इस धंधे में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।