मुजफ्फरनगर। नवरात्र से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुढ़ाना में दो प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। टीम ने कार्रवाई के दौरान करीब 7.05 लाख रुपये मूल्य का खाद्य तेल और फ्लेवरिंग एजेंट जब्त किया। दोनों प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के 15 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय अर्चना धीरान और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में ईदगाह रोड स्थित पारसनाथ ऑयल मिल प्राइवेट लिमिटेड में जांच की। यहां मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल के नौ नमूने लिए गए। अधिकारियों ने मौके से करीब 15 क्विंटल खाद्य तेल जब्त किया।इसके बाद टीम ने रिद्धि ट्रेडिंग कंपनी पर पहुंचकर वहां उपलब्ध खाद्य पदार्थों की जांच की। प्रतिष्ठान से कुकिंग मीडियम के दो, फ्लेवरिंग एजेंट के तीन और पाम ऑयल का एक नमूना लिया गया। दोनों स्थानों से कुल 15 नमूने एकत्र किए गए। इसके अलावा 11 लीटर फ्लेवरिंग एजेंट भी जब्त किया गया। जब्त सामग्री का कुल मूल्य करीब सात लाख पांच हजार 450 रुपये बताया गया है।खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। जांच रिपोर्ट से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है। नमूनों में गड़बड़ी मिलने या खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप सिंह, डॉ. विशाल चौधरी, डॉ. अश्विनी कुमार, सुनील कुमार, पूनम कुमारी और नेहा चौधरी सहित विभागीय टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी रखना और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है।