सहारनपुर। गंगोह थाना क्षेत्र के बुड्ढाखेड़ा गांव में रविवार को मस्जिद में नमाज अदा करने पहुंचे शराफत की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। नमाज से पहले वजू करते समय वह अचानक पीछे की ओर गिर पड़े। मस्जिद में मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने और राहत पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।जानकारी के अनुसार, बुड्ढाखेड़ा निवासी शराफत पुत्र रियासत रविवार को जोहर की नमाज अदा करने के लिए मस्जिद पहुंचे थे। नमाज से पहले वह वजू कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वह जमीन पर गिर पड़े। उन्हें गिरता देख पास मौजूद एक युवक तुरंत मदद के लिए पहुंचा। उसने शराफत को संभालने और पानी पिलाकर राहत देने की कोशिश की, लेकिन उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए गंगोह स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में शोक छा गया। हालांकि, उनकी मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।शराफत छह भाइयों में सबसे बड़े थे और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनके परिवार में एक बेटी और एक बेटा है। परिवार की आजीविका का प्रमुख सहारा होने के कारण उनकी अचानक मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट की चिंता भी खड़ी हो गई है।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और परिचितों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना का दृश्य कैद होने के बाद इसका वीडियो भी सामने आया है। वजू करते समय अचानक हुई इस घटना ने परिवार और ग्रामीणों को गहरे सदमे में डाल दिया।