मुजफ्फरनगर। शहर के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की पड़ताल के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बुधवार को चार स्वास्थ्य इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई की स्थिति देखी। साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।सीएमओ ने भरतीया कॉलोनी स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अलावा गांधी नगर, आदर्श कॉलोनी और सुजडू चुंगी स्थित नगरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। जरूरत के अनुसार दवाएं उपलब्ध रहें और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करें और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें।सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ चिकित्सा सेवाओं को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूर न जाना पड़े, इसके लिए नगरीय स्वास्थ्य इकाइयों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराएं।उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार करने के निर्देश दिए गए, ताकि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले लोगों को समय से उपचार मिल सके और उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group