मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर नाले में एक युवक का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।स्थानीय लोगों के अनुसार, मीनाक्षीपुरम और मोक्षधाम के आसपास नाले से तेज दुर्गंध आ रही थी। इसी दौरान लोगों की नजर नाले में पड़े शव पर पड़ी। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में लिया।टीपीनगर इंस्पेक्टर अरुण मिश्रा के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष होने का अनुमान है। उसकी पहचान के लिए सोशल मीडिया और जिले के दूसरे थानों की मदद ली जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक कौन था और वह नाले तक किन परिस्थितियों में पहुंचा।शव की स्थिति को देखते हुए मौत का समय स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हत्या और हादसे समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में स्थिति साफ हो सकेगी।