मुजफ्फरनगर। सरकारी कार्यालयों में शिकायत दर्ज कराने वाले लोगों को उनकी समस्या के समाधान के लिए बार-बार चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए जिला प्रशासन ने जनसुनवाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया है। शनिवार को कलक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार में आईजीआरएस सहायकों को प्रशिक्षण देकर शिकायतों की निगरानी, समय पर निस्तारण और शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने की प्रक्रिया समझाई गई।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के दौरान शिकायत सहायक विजय कुमार और ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर प्रिंस जैन ने आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों को दर्ज करने से लेकर उनके निस्तारण तक की प्रक्रिया की जानकारी दी।अधिकारियों को बताया गया कि केवल शिकायत का निस्तारण दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कार्रवाई गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए और शिकायतकर्ता को उससे संतुष्टि भी मिलनी चाहिए। इसी उद्देश्य से प्रत्येक शिकायत के निस्तारण के बाद संबंधित व्यक्ति को फोन कर उसका फीडबैक लेने पर जोर दिया गया। लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया।प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जनसुनवाई प्रणाली को मजबूत करना और लोगों की शिकायतों का समय से समाधान सुनिश्चित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group