बिजनौर। दीपावली के आसपास पटाखों की मांग के बीच अफजलगढ़ में अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में तैयार और अधबने पटाखों के साथ विस्फोटक सामग्री बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि अफजलगढ़ के मोहल्ला गौहर अली खां स्थित एक मकान में अवैध रूप से पटाखे तैयार किए जा रहे हैं और उनका भंडारण भी किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान करीब 120 किलोग्राम सामग्री बरामद हुई।बरामदगी में 50 किलोग्राम दीवार मार बम, 10 किलोग्राम अधबने जमीन मार बम और 60 किलोग्राम पोटाश व गंधक शामिल होने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने मौके से सरीफ पुत्र सदीक को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के मुताबिक, बरामद पटाखों और विस्फोटक सामग्री को राजस्व एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में नष्ट कराया गया। मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध कारोबार में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।