मुजफ्फरनगर। ड्यूटी निभाकर लौट रहे उपनिरीक्षक अरुण चाहर की सड़क हादसे में मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को पुलिस लाइन में उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।अरुण चाहर मुजफ्फरनगर में सिविल लाइन थाना क्षेत्र की स्टेडियम चौकी के प्रभारी थे। जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात वह जानसठ क्षेत्र से सरकारी कार्य पूरा कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।दरोगा की मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक छा गया। रविवार को पुलिस लाइन में उनके पार्थिव शरीर को अंतिम सलामी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में संवेदना व्यक्त की।पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए विशेष जांच दल गठित किया है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर हादसे से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जाएगा।अरुण चाहर के निधन से उनके परिवार और सहकर्मियों को गहरा आघात पहुंचा है। पुलिस विभाग ने अपने साथी को खोने पर दुख जताया।