मुजफ्फरनगर। जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस महत्वपूर्ण कार्य में लगाए जाने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षण में शामिल होना अनिवार्य होगा। प्रशिक्षण से नदारद रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गम्भीर सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में जनगणना कार्य निदेशालय की ओर से नामित नोडल अधिकारी गौरव गुंजन भी शामिल हुए। अधिकारियों को जनगणना के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना से संबंधित व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए।प्रशासन का जोर प्रशिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रत्येक कर्मचारी की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर है। इसके लिए चयनित प्रशिक्षण केंद्रों का दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। केंद्रों पर निगरानी की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार और खंड शिक्षा अधिकारियों को सौंपी जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की उपस्थिति पर नजर रखने को कहा गया है।बैठक में निर्देश दिए गए कि प्रशिक्षण केंद्रों पर बैठने, स्वच्छ पेयजल और भोजन की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा निरीक्षकों को जिम्मेदारी दी जाएगी। साथ ही, प्रशिक्षण में आने वाले कर्मचारियों को ड्यूटी आदेश, पहचान पत्र और जरूरी सामग्री समय से उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों से प्रशिक्षण केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा। प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण के दौरान ही अपनी ड्यूटी ग्रहण करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा स्व-गणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर तक निर्धारित अवधि को लेकर कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group