मुजफ्फरनगर। जिला जज राजीव कमल पांडे ने शनिवार को राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण कर वहां रह रहे किशोरों की दिनचर्या और सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान किशोरों ने गुलाब की कलियां भेंट कर और स्वागत गीत के माध्यम से न्यायिक अधिकारियों का अभिनंदन किया। इसके बाद जिला जज ने एक-एक कर किशोरों से बातचीत की। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, पढ़ाई की व्यवस्था और संस्था में तैनात कर्मचारियों के व्यवहार के बारे में जानकारी ली। साथ ही पहले दिए गए निर्देशों पर हुए अमल की भी समीक्षा की।जिला जज ने किशोरों को उपलब्ध सुविधाओं में किसी तरह की कमी न रहने देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिला जज ज्योत्सना शिवांच, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येंद्र चौधरी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कविता अग्रवाल, न्याय मजिस्ट्रेट अनिष्का चौधरी, सिविल जज सीनियर डिवीजन सोनम गुप्ता और नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल मौजूद रहे।संस्था प्रभारी मोहित कुमार, सहायक अध्यापक राकेश कुमार, शारिक हुसैन सहित संस्था का स्टाफ और सुरक्षा कर्मी भी उपस्थित रहे।