शामली। गांव में हुए विवाद के कुछ दिन बाद ग्राम चौकीदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह खेत में अमरूद के पेड़ पर उनका शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने मौत के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए पुराने विवाद से इसे जोड़कर देखा है।गढ़ी पुख्ता थाना क्षेत्र के गांव धनेना निवासी 58 वर्षीय मोहकम रविवार दोपहर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। सोमवार सुबह ग्रामीण मनोज को संजय के खेत में पेड़ से लटका शव दिखाई दिया। पहचान होने पर गांव में सूचना फैल गई और परिजन भी मौके पर पहुंच गए।बताया गया कि कुछ दिन पहले गांव में महर्षि वाल्मीकि जयंती का कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। मारपीट में तीन लोग घायल हुए थे। इस मामले में पुलिस कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी कर चुकी है। परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद मोहकम पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा था। इसी वजह से उन्होंने उनकी मौत को लेकर संदेह जताया है।थाना प्रभारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।