पश्चिम बंगाल। पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद वह पत्नी का कटा हुआ सिर लेकर घर के पास स्थित मंदिर में जाकर बैठ गया। सुबह मंदिर में यह दृश्य देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।घटना गंगारामपुर के नारायणपुर इलाके की बताई गई है। आरोपी की पहचान रिंटू घोष और मृतका की पहचान सीमा सरकार के रूप में हुई है। बताया गया कि बुधवार सुबह आरोपी मंदिर में पत्नी का सिर लेकर बैठा था। आसपास के लोगों को जब इसकी जानकारी हुई तो मौके पर भीड़ जुट गई। कुछ देर बाद आरोपी हाथ में चाकू लेकर मंदिर से बाहर निकला। यह दृश्य देखकर लोग सहम गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही गंगारामपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से शव के शेष हिस्से को भी बरामद किया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। आरोपी से पूछताछ कर वारदात के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, रिंटू घोष पहले सरकारी बस सेवा में कंडक्टर के रूप में काम करता था। कुछ समय से उसने नौकरी छोड़ दी थी और घर पर ही रहने लगा था। रिश्तेदारों के अनुसार, दंपती के दो बेटे हैं। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद की आशंका है, हालांकि हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।