बागपत। भैया दूज का त्योहार मनाकर परिवार के साथ घर लौट रहे एक व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। ई-रिक्शा पलटने से उसकी पत्नी और दोनों बच्चे भी घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। त्योहार की खुशियां कुछ ही देर में मातम में बदल गईं।जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के गांव बड़ौदा निवासी 42 वर्षीय प्रवेश फिलहाल बागपत के सिसाना गांव में परिवार के साथ रह रहे थे। बुधवार को वह अपनी पत्नी दीपा, बेटी छवि और बेटे वंश के साथ भैया दूज मनाने हरियाणा के कुंडली स्थित अपनी बहन के घर गए थे। त्योहार मनाने और बहन को कोथली देने के बाद परिवार ई-रिक्शा से वापस लौट रहा था।दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उनका ई-रिक्शा गौरीपुर मोड़ के पास पहुंचा। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में प्रवेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पत्नी और दोनों बच्चों को भी चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्रवेश को मृत घोषित कर दिया।परिजनों ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से ई-रिक्शा पलटा था। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।प्रवेश की मौत से पत्नी और बच्चों का सहारा छिन गया। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।