मुजफ्फरनगर/शामली। भैया दूज पर बहन से मिलने शामली पहुंचे मुजफ्फरनगर के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बहन के ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर के कमल नगर निवासी अंकुश पाल बुधवार को भैया दूज के अवसर पर अपनी बहन से मिलने शामली के कस्बा बनत गया था। दोपहर करीब 12 बजे वह बहन के ससुराल पहुंचा। आरोप है कि वहां किसी बात को लेकर उसका ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद हो गया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई।परिजनों का आरोप है कि बहन के पति, ससुर, देवर और उनके साथियों ने अंकुश के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले में कुछ अन्य जानकारी भी सामने आई है, जिसके अनुसार युवक की तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हुई। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।बताया गया कि अंकुश तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसने बीटेक की पढ़ाई पूरी कर रखी थी और नौकरी की तैयारी कर रहा था। त्योहार के दिन परिवार के इकलौते बेटे की मौत से घर में मातम पसरा है।सूचना मिलने पर आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group