मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नई मंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पचेंडा पुल के पास चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 174 किलोग्राम गांजा बरामद कर चालक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेरठ की ओर से आ रहे एक ट्रक में मादक पदार्थ की खेप ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने हाईवे पर घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोक लिया। तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखा गया गांजा मिला। इसके बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया।पूछताछ में चालक ने बताया कि ट्रक के जरिए आंध्र प्रदेश, ओडिशा और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में सामान पहुंचाया जाता था। वापसी के दौरान विशाखापट्टनम से कम कीमत पर गांजा खरीदकर ट्रक में छिपा लिया जाता था। इसके बाद मुजफ्फरनगर लाकर आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर इसकी बिक्री की जाती थी। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क के तार मुजफ्फरनगर के अलावा शामली, रुड़की और देहरादून तक जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।पुलिस ने ट्रक मालिक आसिफ पुत्र याकूब निवासी भैंसरहेड़ी, थाना छपार को भी इस मामले में शामिल बताया है। कार्रवाई के दौरान वह मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले में थाना नई मंडी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।एसपी सिटी अमित जैन ने पुलिस लाइन में पत्रकारों को कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत पुलिस तस्करी के नेटवर्क को खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group