मुजफ्फरनगर। ऑनलाइन कारोबार के नाम पर व्यापारियों को ठगने वाले साइबर गिरोह का मुजफ्फरनगर पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपी गूगल पर उपलब्ध व्यापारिक फर्मों की जानकारी जुटाकर उनके नाम और जीएसटी पहचान का दुरुपयोग करते थे। इसके बाद फर्जी बिल और दस्तावेज तैयार कर व्यापारियों को अपने जाल में फंसाते थे। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।जांच में सामने आया कि आरोपी पहले इंटरनेट के माध्यम से विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों का डेटा जुटाते थे। इसके बाद संबंधित फर्मों की पहचान का इस्तेमाल कर खुद को असली कारोबारी बताते थे। सामान की कीमत और गुणवत्ता को लेकर बातचीत करने के बाद व्यापारियों से रकम अपने खातों में जमा करा लेते थे। भुगतान मिलने के बाद या तो नकली सामान भेजा जाता था या फिर सामान की आपूर्ति ही नहीं की जाती थी।पुलिस के अनुसार, गिरोह के खिलाफ करीब आठ लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इसके अलावा आरोपी से जुड़े मोबाइल नंबरों के आधार पर आठ राज्यों में 15 शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली है। इन शिकायतों में करीब 12 लाख रुपये की ठगी का पता चला है।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुंवरपाल पुत्र नरपत सिंह निवासी गांव लुहारी, थाना दादरी, जिला गौतमबुद्धनगर के रूप में बताई है। वह वर्तमान में मेरठ के जागृति विहार क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।इसी गिरोह के फर्जीवाड़े का एक मामला आंध्र प्रदेश के व्यापारी के साथ भी सामने आया। व्यापारी थारन रेड्डी ने मुजफ्फरनगर की एक फर्म से कागज खरीदने के लिए ऑनलाइन संपर्क किया था। आरोपियों ने फर्म का प्रतिनिधि बनकर बातचीत की और फर्जी पहचान के आधार पर 22,400 रुपये अपने खाते में जमा करा लिए। इसके बाद संपर्क बंद कर दिया गया।शिकायत मिलने पर साइबर अपराध पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में फर्जी फर्म, जीएसटी पहचान और डिजिटल माध्यमों के जरिए ठगी किए जाने का खुलासा हुआ। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के लेनदेन की जानकारी जुटा रही है।