मुजफ्फरनगर। युवाओं की प्रतिभा को मंच देने और उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी के लिए तैयार करने की दिशा में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में छह प्रतिभागियों ने अपनी जगह बनाई। रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित चौधरी चरण सिंह सभागार में आयोजित चैलेंज ट्रैक पीपीटी राउंड में युवाओं ने अपने विचारों और प्रस्तुतियों से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। चयनित प्रतिभागी अब प्रतियोगिता के अगले चरण में हिस्सा लेंगे।युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत राष्ट्रीय युवा उत्सव और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के क्रम में यह आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को अपनी सोच, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक विचार प्रस्तुत करने का अवसर देना रहा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि के रूप में सनातन धर्म महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. प्रीतम सिंह मौजूद रहे।प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर अनुराग शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अदिति आर्या दूसरे, सुकैना तीसरे, यशवी चौथे, कहकशा पांचवें और अंश वत्स छठे स्थान पर रहे। इन छह प्रतिभागियों को अगले चरण के लिए चुना गया। सभी विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।प्रतियोगिता की ज्यूरी की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार ने की। निर्णायक मंडल में जिला क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र यादव, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य आशीष द्विवेदी, सनातन धर्म महाविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. पायल चौधरी और डीएवी महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. किरण पाल सिंह शामिल रहे।इस दौरान जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी प्राची पंवार, कार्यक्रम प्रभारी अंकुर कुमार, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सन्नी वर्मा, अजय कुमार, अर्जुन सिंह और वरिष्ठ सहायक राजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।