15 से 20 लोग हिरासत में, मुखबिर की सूचना पर चलाया गया चेकिंग अभियान
मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के खादर इलाके में पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध कारों से हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से करीब 15 से 20 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।बताया गया है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग तीन कारों में सवार होकर हथियार लेकर इलाके से गुजरने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने खादर क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी और वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान शुक्रताल की ओर से आ रही तीन कारों को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान कारों से हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस मिलने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने वाहनों में सवार लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब बरामद हथियारों के स्रोत और उनके इस्तेमाल के उद्देश्य का पता लगाने में जुटी है।कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में लगी है। बरामद हथियारों की संख्या और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।