मुजफ्फरनगर। खादर क्षेत्र में विवादित जमीनों पर कब्जे को लेकर सक्रिय बताए जा रहे एक गिरोह पर भोपा पुलिस ने शिकंजा कस दिया। ऑपरेशन कवच के तहत पुलिस ने 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें हरिद्वार का एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। आरोपियों के पास से तमंचे, पिस्टल, राइफल, बंदूक, कारतूस, तलवार और लाठी-डंडे बरामद हुए हैं। पुलिस ने तीन लग्जरी वाहन भी कब्जे में लिए हैं।पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को शुक्रताल चौकी क्षेत्र में गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि गंगाघाट के पार से तीन गाड़ियों में सवार होकर कुछ लोग खादर क्षेत्र की ओर आ रहे हैं। उनके पास हथियार होने की जानकारी भी मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए भोपा पुलिस ने बताए गए रास्ते पर निगरानी बढ़ा दी और वाहनों की जांच शुरू कर दी।कुछ समय बाद काले रंग की स्कॉर्पियो एन, स्कॉर्पियो क्लासिक और थार वहां पहुंचीं। पुलिस ने तीनों गाड़ियों को रोककर तलाशी ली तो उनमें सवार लोगों के पास से हथियारों का जखीरा मिला। इसके बाद पुलिस ने सभी 20 लोगों को हिरासत में ले लिया।बरामद सामान में 315 बोर के छह तमंचे, एक .32 बोर पिस्टल, .22 बोर की पोनिया राइफल, 12 बोर की दो नाली बंदूक और 315 बोर की राइफल शामिल हैं। इनके साथ 48 कारतूस, एक तलवार और नौ लकड़ी के डंडे भी मिले हैं।पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे खादर क्षेत्र में विवादित और कीमती जमीनों के कारोबार से जुड़े थे। जमीनों के मालिकाना हक अथवा कब्जे को लेकर विवाद होने पर वे समूह बनाकर मौके पर पहुंचते थे। अपने पक्ष में कब्जा बनाए रखने और विरोध करने वालों पर दबाव बनाने के लिए हथियार साथ रखते थे। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी एक विवादित जमीन पर कब्जा करने के इरादे से आए थे।गिरफ्तार लोगों में सुरेंद्र सिंह निवासी खेड़ा, थाना मंगलौर, हरिद्वार भी शामिल है। पुलिस ने उसे मंगलौर थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज होने का विवरण सामने आया है। आरोपी गौरव का भी आपराधिक इतिहास बताया गया है।भोपा थाना प्रभारी आशुतोष कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई को खादर क्षेत्र में जमीनों पर अवैध कब्जे की कोशिशों के खिलाफ अहम कदम माना जा रहा है।अब पुलिस की जांच का दायरा इस बात पर केंद्रित है कि गिरोह के सदस्य किन-किन विवादित जमीनों में सक्रिय थे और इनके साथ इस नेटवर्क में अन्य कौन लोग जुड़े हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group