कानपुर। रामनारायण बाजार में सोमवार तड़के एक पांच मंजिला अपार्टमेंट में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 4:30 बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इमारत में धुआं भरने से लोग अपने फ्लैटों में फंस गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई गई है।मकान संख्या 9/74 स्थित इस अपार्टमेंट में 12 फ्लैट हैं, जिनमें करीब 50 से 60 लोग रहते हैं। सुबह जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, तभी नीचे के फ्लैट में आग लग गई। कुछ ही देर में धुआं ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गया। सीढ़ियों पर धुआं भरने के कारण लोगों के लिए नीचे उतरना मुश्किल हो गया। जान बचाने के लिए लोग बालकनी और छतों की ओर भागे।हादसे के दौरान कई लोगों ने जान बचाने के लिए बालकनी से छलांग लगा दी। वहीं कुछ परिवारों ने साड़ी और चादरों को जोड़कर नीचे उतरने का रास्ता बनाया। पड़ोस के मकान की छत तक पहुंचकर लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। बचाव के दौरान कई लोग घायल भी हुए।इस हादसे में राखी साहू (48) और प्रांजल बाथम (15) की जान चली गई। राखी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रांजल ने आग में झुलसने के बाद दम तोड़ दिया। तीसरी मंजिल से कूदने के दौरान राखी के वैभव गुप्ता पर गिरने की बात भी सामने आई है। इससे वैभव की रीढ़ की हड्डी टूट गई और उन्हें गंभीर चोटें आईं। पांचवीं मंजिल पर रहने वाले अनिल बाथम और उनकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के बाद अपार्टमेंट में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने एक-दूसरे की मदद से फंसे परिवारों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। हालांकि, अपार्टमेंट के सामने महज पांच से छह फीट चौड़ी गली होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में मुश्किलें आईं। स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया।अपार्टमेंट में रहने वाले महेश तिवारी ने बताया कि उस समय सभी लोग सो रहे थे। अचानक शोर सुनकर दरवाजा खोला तो चारों ओर धुआं दिखाई दिया। आग तेजी से फैल रही थी। उन्होंने अपार्टमेंट में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने और दमकल की गाड़ियों के देर से पहुंचने की बात भी कही।घटना के बाद बहुमंजिला इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संकरी गलियों में बनी इमारतों की जांच कराई जाए और अग्निशमन के नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group