अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गाजीपुर निवासी वाहिद अंसारी (35) घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जबकि बदमाश का एक साथी मौके से भाग निकला।पुलिस के अनुसार, शिव बाबा धाम के पास बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो लोग बैरियर पार करने लगे। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो पीछे बैठे बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से थाना प्रभारी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने पीछा करते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान वाहिद को चार गोलियां लगीं और वह सड़क पर गिर पड़ा। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।मुठभेड़ के दौरान सिपाही सोनू यादव भी घायल हुए। वहीं, एसपी प्राची सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गईं। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।मृतक की पहचान गाजीपुर जिले के बहिरियाबाद निवासी वाहिद अंसारी के रूप में हुई। पुलिस ने सीसीटीएनएस पर उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला तो लूट, हत्या, डकैती, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत 35 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली। पुलिस उसे बिल्टू इंदौरिया गैंग का सक्रिय सदस्य बता रही है। उस पर सुपारी लेकर हत्या करने और असलहा तस्करी में शामिल होने के आरोप भी थे।पुलिस के मुताबिक, वाहिद पहले गाजीपुर में रहता था और बाद में सुल्तानपुर चला गया था। गोरखपुर के कैंट थाने में असलहा तस्करी के मामले की जांच के दौरान भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। मुठभेड़ के बाद फरार हुए दूसरे बदमाश की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।