बागपत। छपरौली थाना क्षेत्र के सबगा गांव में घर से दुकान पर सामान लेने निकली किशोरी के लापता होने से परिवार परेशान है। एक नवंबर को घर से निकली किशोरी का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों ने गांव के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पुलिस को सौंपते हुए एक बाइक सवार पर उसे अपने साथ ले जाने की आशंका जताई है। बुधवार को परिवार के लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और किशोरी की जल्द बरामदगी की मांग की।परिजनों के अनुसार, किशोरी एक नवंबर को घर से दुकान पर सामान लेने गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के इलाकों के साथ रिश्तेदारों से भी जानकारी जुटाई गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को मामले की शिकायत दी गई।परिवार ने गांव के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी निकलवाई। इसमें हेलमेट लगाए एक व्यक्ति बाइक चलाता दिखाई दे रहा है। बाइक के पीछे बुर्का पहने एक लड़की बैठी नजर आ रही है। परिजनों को आशंका है कि बाइक सवार व्यक्ति किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।किशोरी के परिजन बाबू ने बताया कि पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराने के बावजूद अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे परिवार के सदस्य एसपी कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को सीसीटीवी फुटेज दिखाकर जल्द कार्रवाई की मांग की।पुलिस का कहना है कि किशोरी की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध जानकारी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। किशोरी की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group