मुजफ्फरनगर। शुक्रतीर्थ में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियों के बीच पशुपालन विभाग ने पशुओं की देखभाल के लिए विशेष व्यवस्था की है। मेले में भैंसा-बुग्गी और बैलगाड़ियों के साथ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के पशुओं को बीमारी या चोट की स्थिति में तत्काल उपचार मिल सके, इसके लिए मेला परिसर में अस्थायी पशु चिकित्सालय शुरू किया गया है। यहां बैल, भैंसा सहित अन्य पशुओं को निशुल्क उपचार और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।मेले में पशु चिकित्सा सेवाओं की तैयारियों को परखने के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने अस्थायी चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध दवाओं, प्राथमिक उपचार सामग्री और अन्य चिकित्सा संसाधनों की जांच की। साथ ही तैनात चिकित्सकों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले किसी भी पशुपालक को उपचार के लिए परेशान न होना पड़े। यात्रा के दौरान थकान अथवा अचानक तबीयत बिगड़ने पर पशुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता दी जाए।पशुपालन विभाग ने मेले की पूरी अवधि में सेवाएं जारी रखने के लिए विशेष ड्यूटी रोस्टर भी तैयार किया है। इसके तहत पशु चिकित्सा अधिकारियों और सहायक कर्मचारियों की अलग-अलग तिथियों और पालियों में जिम्मेदारी तय की गई है। विभाग की ओर से चौबीसों घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।विभाग की इस पहल से दूर-दराज के क्षेत्रों से अपने पशुओं के साथ गंगा स्नान मेले में पहुंचने वाले किसानों और श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।