शामली। हरियाणा के हिसार में सेना के प्रशिक्षण के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में शामली के एक जवान समेत दो सैनिकों की जान चली गई। हादसे की खबर जैसे ही जवान के पैतृक गांव भाज्जू पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचने लगे।जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर हिसार के भोजराज गांव में सेना का प्रशिक्षण चल रहा था। इसी दौरान अचानक एक टैंक की चपेट में आने से शामली के भाज्जू गांव निवासी मनीष और बदायूं के रहने वाले जवान अंकुश की मौत हो गई। हादसे में दोनों सैनिकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मनीष सेना में लांस नायक के पद पर तैनात थे।जिलाधिकारी प्रवीण वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हिसार प्रशासन की ओर से हादसे की सूचना दी गई है। उधर, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल अजय कुमार सिंह के मुताबिक, रविवार दोपहर तक मनीष का पार्थिव शरीर गांव पहुंचने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाना था।मनीष अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। उनकी तीन बहनें हैं और पिता रामवीर सेना से सेवानिवृत्त हैं। पिता कुश्ती के क्षेत्र में दो बार हिंद केसरी का खिताब भी जीत चुके हैं। ग्राम प्रधान बॉबी ने बताया कि मनीष बेहद मिलनसार स्वभाव के थे। छुट्टी पर गांव आने के दौरान वह ग्रामीणों से जरूर मिलते थे। दीपावली पर भी वह घर आए थे और त्योहार मनाने के बाद ड्यूटी पर लौट गए थे।परिवार को क्या पता था कि छुट्टी के बाद घर से निकला उनका बेटा अब कभी वापस नहीं लौटेगा। जवान की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।