शामली। चौसाना कस्बे में खाना बनाने को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुआ झगड़ा जानलेवा बन गया। गुस्से में छोटे भाई ने बड़े भाई पर डंडे से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से बड़े भाई की मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम छा गया।चौसाना के छोटियाल मोहल्ले में शनि उर्फ फोनू (35) अपने छोटे भाई पंकज के साथ रहता था। दोनों भाई शादी समारोहों में बर्तन साफ करने का काम करते थे। गुरुवार रात दोनों के बीच खाना बनाने को लेकर कहासुनी हो गई। बताया गया कि बड़े भाई ने खिचड़ी बनाई थी, जबकि छोटा भाई रोटी खाना चाहता था। इसी बात पर दोनों में झगड़ा बढ़ गया।आरोप है कि गुस्से में पंकज ने डंडे से बड़े भाई के सिर पर कई वार कर दिए। शनि गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे इलाज के लिए करनाल के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को हिरासत में ले लिया है। बताया गया कि पंकज बोल और सुन नहीं सकता। इसलिए पुलिस उससे इशारों के जरिए पूछताछ कर रही है।दोनों भाइयों के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। दोनों साथ रहकर मजदूरी करते थे। मामूली बात पर हुए झगड़े में एक भाई की जान चली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group