सहारनपुर। बेहट क्षेत्र में गोवंश कटान की कोशिश कर रहे दो युवकों का सामना पुलिस से हो गया। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।घटना गुरुवार रात की है। बेहट थाना पुलिस की टीम शाकुंभरी रोड से भागूवाला जाने वाले रास्ते पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को चुहा फार्म हाउस के पास एक आम के बाग में रोशनी दिखाई दी। टीम मौके पर पहुंची तो एक गोवंश पेड़ से बंधा मिला। पास में दो युवक गोकशी की तैयारी कर रहे थे।पुलिस ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक गोली मुबारिक पुत्र नसीम निवासी रायपुर कलां, थाना बेहट के बाएं पैर में लगी। पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया, जबकि दूसरा युवक जंगल की ओर भाग निकला।पुलिस ने घायल आरोपी के पास से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। मौके से एक गोवंश, गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और बिना नंबर प्लेट की बाइक भी मिली है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुबारिक का पहले से आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ गोकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास सहित आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।फरार आरोपी की तलाश में पुलिस जंगल और आसपास के इलाकों में कांबिंग कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किया जाएगा।