बागपत। जिले में रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से छुटकारा दिलाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। बड़ौत रेलवे स्टेशन के पास दो लेन का ओवरब्रिज बनाया जाएगा। इसके लिए 64 करोड़ 54 लाख 92 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। परियोजना को प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी मिलने के बाद निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान के प्रयासों से स्वीकृत इस परियोजना के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में पहली किस्त के रूप में 13 करोड़ 37 लाख 69 हजार रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है। मुख्य पुल, यूटिलिटी शिफ्टिंग और पहुंच मार्ग सहित अन्य कार्यों पर धनराशि खर्च की जाएगी।सांसद ने इस मंजूरी के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आवागमन बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है।जिले में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव से मुलाकात की। उन्होंने बागपत की तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को जल्द आगे बढ़ाने की मांग की।सांसद ने दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-709बी पर बड़ौत चौक, बागपत और गिरीनगर मोड़ पर फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही बड़ौत-अमीनगर सराय मार्ग पर रेलवे फाटक के पास बाईपास और गिरीनगर मोड़ पर भी बाईपास निर्माण की जरूरत बताई।उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। रेलवे फाटक बंद होने पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। बाईपास और फ्लाईओवर बनने से जाम की समस्या कम होगी। स्थानीय लोगों, व्यापारियों और स्कूली बच्चों को भी आवागमन में राहत मिलेगीसांसद ने एनएचएआई अध्यक्ष से प्रस्तावित योजनाओं का तकनीकी सर्वे कराने, डीपीआर तैयार करने और मंजूरी की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया। उनका कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले की यातायात व्यवस्था सुधरेगी और लोगों का सफर आसान होगा।