मुजफ्फरनगर। मोरना ब्लॉक के रुडकली गांव में एक किशोरी के आरोप ने सनसनी फैला दी। 16-17 वर्षीय किशोरी ने अपने ही माता-पिता पर उसे गंग नहर में धक्का देकर फेंकने का आरोप लगाया है। नहर में गिरने के बाद किशोरी किसी तरह बाहर निकलने में सफल रही। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे अपने साथ चौकी ले गई। बाद में किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस ने उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया।बताया गया कि घटना रात के समय नगला बुजुर्ग के पास हुई। नहर में गिरने के बाद किशोरी ने हिम्मत नहीं हारी और खुद को संभालते हुए बाहर निकल आई। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी हुई तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने जौली चौकी पुलिस को सूचना दी।पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर किशोरी से पूछताछ की। इस दौरान उसने आरोप लगाया कि उसके माता-पिता ने उसे गंग नहर में फेंक दिया था। पुलिस किशोरी को अपने साथ जौली चौकी ले गई और बाद में उसे भोपा थाने भेज दिया गया।किशोरी के बयान को आधार बनाकर पुलिस ने उसके माता-पिता को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस घटना के पीछे की वजह तलाश रही है। इसके लिए किशोरी के साथ-साथ परिवार से जुड़े अन्य लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group