मुजफ्फरनगर। चरथावल रोड पर सड़क चौड़ीकरण के लिए छोड़ी गई सरकारी जमीन पर कथित कब्जे और निर्माण का मामला गरमा गया है। शनिवार को नईम अली के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सदर तहसील पहुंचकर धरना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क किनारे करीब 60 फीट चौड़ी सरकारी भूमि पर कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के नाम प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की।शिकायतकर्ता नईम अली ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि चरथावल रोड पर निरधना मोड़ के पास उनका 428 वर्गमीटर का प्लॉट है, जो खसरा संख्या 1908 और 1909 में दर्ज है। आरोप है कि वेदपाल सिंह पुत्र होशियार सिंह ने 105 वर्गमीटर जमीन का बैनामा पुरुषोत्तम पुत्र घनश्याम के नाम कराया है। शिकायतकर्ता ने इस बैनामे को फर्जी बताते हुए जमीन के दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में योगेंद्र कुमार का नाम भी जमीन से जुड़े विवाद के संबंध में दर्ज कराया गया है।नईम अली का आरोप है कि उनके प्लॉट के सामने पीडब्ल्यूडी की सड़क के विस्तार के लिए लगभग 60 फीट चौड़ी जमीन छोड़ी गई थी। अब इसी स्थान पर कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते निर्माण नहीं रोका गया तो भविष्य में सड़क चौड़ीकरण के दौरान प्रशासन के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है।तहसील में धरना देने पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन से विवादित जमीन की पैमाइश कराने, राजस्व अभिलेखों की जांच करने और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की। उनका कहना है कि जांच पूरी होने तक संबंधित स्थान पर निर्माण कार्य रुकवाया जाए, ताकि सरकारी जमीन सुरक्षित रह सके।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे।



