मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कस्बे में सड़क हादसे में जान गंवाने वाली महिला के मामले में पुलिस ने अब अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है। मृतका के भाई की शिकायत पर डंपर के पंजीकृत मालिक और अज्ञात चालक को आरोपी बनाया गया है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था।बुढ़ाना की नई बस्ती निवासी मोहम्मद शाकिर की बहन रिहाना की शादी शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव गोयला निवासी इरशाद से हुई थी। 25 अक्टूबर 2026 को दादा के निधन की सूचना मिलने पर रिहाना अपने मायके आई थी। अगले दिन सुबह वह आरव गोयल डेयरी के सामने से पैदल गुजर रही थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिहाना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हादसे के बाद चालक डंपर को सड़क पर छोड़कर भाग निकला। दुर्घटना में शामिल वाहन का नंबर यूपी-58-एजे-3047 बताया गया है। बाद में डंपर को बुढ़ाना पुलिस चौकी परिसर में खड़ा करा दिया गया। काफी समय बीतने के बाद भी चालक का पता नहीं चल सका।मृतका के भाई मोहम्मद शाकिर का आरोप है कि घटना के बाद शिकायत करने के बावजूद पुलिस स्तर पर सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। अदालत के आदेश पर अब पुलिस ने डंपर के पंजीकृत मालिक और अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद से फरार चालक की पहचान और उसकी गिरफ्तारी को लेकर भी कार्रवाई की जा रही है।



