मुजफ्फरनगर। पुराने बिजली उपकरणों को जलाकर कीमती धातुएं निकालने के आरोप में प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने सुजड़ू क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार देर रात विभागीय टीम ने बिस्मिल्लाह इंटरप्राइजेज पर छापा मारकर जांच की और इकाई को सील कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय प्रदूषण अधिकारी गीतेश चंद्र के नेतृत्व में सहायक अभियंता रोहित कुमार और अवर अभियंता राजा गुप्ता की टीम रात करीब 12 बजे इकाई पर पहुंची। अधिकारियों ने वहां चल रहे कामकाज का जायजा लिया। आरोप है कि परिसर में पुराने बिजली ट्रांसफार्मर, कॉइल और अन्य उपकरणों को खुले में जलाकर उनसे तांबा और एल्युमीनियम जैसी धातुएं निकाली जा रही थीं।विभागीय अधिकारियों ने खुले में उपकरण जलाने की गतिविधि को प्रदूषण की दृष्टि से गंभीर मानते हुए मौके पर कार्रवाई की। जांच के बाद बिस्मिल्लाह इंटरप्राइजेज को सील कर दिया गया। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई है।प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से इससे पहले भी जिले में तीन से चार कबाड़ इकाइयों को सील किया जा चुका है। इनमें वहलना चौक स्थित एक चर्चित कबाड़ इकाई भी शामिल बताई गई है। लगातार हो रही कार्रवाई से नियमों को ताक पर रखकर कारोबार करने वाली इकाइयों पर विभाग की सख्ती बढ़ती दिखाई दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group