मुजफ्फरनगर। परिवार को स्वस्थ रखने की शुरुआत घर से होती है। इसी उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र, बघरा में महिलाओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 28 महिलाओं को स्वास्थ्य, साफ-सफाई और पौष्टिक खानपान के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सर्दियों में बच्चों को मौसमी बीमारियों से बचाने के उपाय भी बताए गए।कार्यक्रम में केंद्र की प्रभारी डॉ. सविता आर्य और डॉ. हंसराज ने महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ घर और आसपास का वातावरण साफ रखने की जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छ पेयजल के इस्तेमाल और रोजमर्रा की जिंदगी में साफ-सफाई की आदत अपनाने पर जोर दिया।प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को घर के आसपास खाली पड़ी जगह पर गृह वाटिका तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। बताया गया कि कम जगह में भी ताजी और पौष्टिक सब्जियां उगाई जा सकती हैं। इससे परिवार को पौष्टिक भोजन मिलेगा और घरेलू स्तर पर पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।सर्दियों में बच्चों की देखभाल को लेकर भी महिलाओं को जरूरी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि ठंड के मौसम में बच्चों को सर्दी, खांसी और जुकाम जैसी बीमारियों से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनाना, संतुलित भोजन देना और साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है। बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने की आवश्यकता भी बताई गई।कार्यक्रम के समापन पर महिलाओं से प्रशिक्षण में मिली जानकारी को अपने परिवार की दिनचर्या में शामिल करने और आसपास रहने वाली अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने की अपील की गई।



