बिजनौर। नगीना में भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के नगर अध्यक्ष कुंवर हर्षवर्धन सिंह के 22 वर्षीय बेटे पृथ्वीराज की गोली लगने से मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में खून से लथपथ मिला। पास में ही पिता की लाइसेंसी दुनाली बंदूक पड़ी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।पृथ्वीराज नोएडा के सेक्टर-16 स्थित जेकेपीआईटी कॉलेज में मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई कर रहा था। वह इन दिनों घर आया हुआ था। घटना के समय उसके माता-पिता एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर लौटने पर कमरे में बेटे का शव देखकर परिवार के होश उड़ गए। सूचना पर पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे।जांच के दौरान कमरे में रखी अलमारी पर भी गोली का निशान मिला। पुलिस ने घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच कराई और लाइसेंसी बंदूक कब्जे में ले ली। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। बताया गया कि युवक का दोस्त भी मौके पर पहुंचा था, जिसने उसे कमरे में पड़ा देखा।उधर, मृतक के पिता कुंवर हर्षवर्धन सिंह ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि बेटे की मौत सामान्य घटना नहीं है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।सीओ आलोक सिंह और एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आत्महत्या और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चर्चाओं का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group