मुजफ्फरनगर, 12 अगस्त 26। ‘हर घर तिरंगा’ और ‘माई भारत’ अभियान के तहत जिला युवा अधिकारी कार्यालय के स्वयंसेवकों और ग्रामीण युवाओं ने बुधवार को पुरकाजी विकासखंड के गांवों में स्वच्छता पखवाड़ा चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों और ऐतिहासिक प्रतिमाओं के आसपास सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
एक से 15 अगस्त तक चल रहे विशेष अभियान के तहत युवाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर सफाई की। स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न डालने और अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने की अपील की।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश भी दिया।
युवाओं ने ग्रामीणों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के बीच संबंध की जानकारी देते हुए नियमित रूप से साफ-सफाई रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से कई बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है और गांवों का वातावरण भी बेहतर रहता है।
अभियान के अंत में स्वयंसेवकों और ग्रामीणों ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा राष्ट्रसेवा में योगदान देने की शपथ ली। जिला युवा अधिकारी के अनुसार, अभियान का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़ने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, जागरूकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group