मेरठ। जानी थाना क्षेत्र के किठौली गांव में मंगलवार को खेत पर गए किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो किसान का शव खेत के पास पड़ा मिला। शरीर पर कुत्तों के हमले के निशान मिलने से आशंका जताई जा रही है कि आवारा कुत्तों ने हमला कर उनकी जान ले ली।
किठौली गांव निवासी लख्मी सैनी पुत्र रामशरण खेती करते थे। बताया गया कि उन्होंने गांव के ही बिल्लू की जमीन ठेके पर लेकर उस पर खेती कर रखी थी। खेत में ईख की फसल खड़ी हुई है। मंगलवार को लख्मी सैनी रोज की तरह खेत की ओर गए थे, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वापस घर नहीं पहुंचे।
लंबे समय तक किसान के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास के स्थानों और खेतों में उनकी तलाश शुरू की। तलाश करते हुए परिजन खेत के पास पहुंचे तो लख्मी सैनी मृत अवस्था में पड़े मिले। उनके शरीर पर कुत्तों के काटने के निशान दिखाई दिए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। जानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या अधिक होने के कारण पहले भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। किसान की मौत के बाद ग्रामीणों ने आवारा कुत्तों से सुरक्षा के इंतजाम किए जाने की मांग उठाई है।
पुलिस के अनुसार शरीर पर मिले निशानों को देखते हुए कुत्तों के हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने के लिए पुलिस जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group