पुरकाजी क्षेत्र में बुधवार सुबह सड़क हादसे में पंजाब नेशनल बैंक की फलेदा शाखा के प्रबंधक धीरेंद्र कुशवाहा की मौत हो गई। वह कार से बैंक जा रहे थे। जियो पंप के पास तेज रफ्तार बुलरो की चपेट में आने से उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में पीछे से आ रही एक अन्य कार भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई।बताया गया कि धीरेंद्र कुशवाहा सुबह करीब नौ बजे अपनी कार से बैंक के लिए निकले थे। पुरकाजी थाना क्षेत्र में जियो पंप के निकट उनकी कार पहुंची तो इसी दौरान एक बुलरो डिवाइडर से टकराने के बाद अचानक दूसरी दिशा में मुड़ गई। सामने से आ रही कार बुलरो की चपेट में आ गई।टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के दौरान पीछे से आ रही टाटा अल्ट्रोज कार भी दोनों वाहनों से टकरा गई। इस तरह हादसे में तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।दुर्घटना में धीरेंद्र कुशवाहा को गंभीर चोटें आईं। हादसे में उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस ने मृतक के स्वजन को घटना की जानकारी दी। मामले में दी गई तहरीर के आधार पर बुलरो चालक चिराग पुत्र सतीश कुमार, निवासी दिल्ली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। हादसे में क्षतिग्रस्त तीनों वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।