मुजफ्फरनगर। हर घर तिरंगा अभियान 2026 के तहत बुधवार को नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर पालिका टाउन हॉल से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, एनसीसी कैडेट्स और वरिष्ठ नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। यात्रा के दौरान शहर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश गूंजता रहा।टाउन हॉल परिसर में वंदे मातरम के सामूहिक गायन के साथ यात्रा का शुभारंभ किया गया। एमएलसी वंदना वर्मा, चरथावल ब्लॉक प्रमुख अक्षय कुंडीर, मीरापुर विधायक के प्रतिनिधि अमरपाल तथा मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।तिरंगा यात्रा टाउन हॉल से प्रारंभ होकर शिव चौक, अंसारी रोड और मालवीय चौक से होते हुए वापस टाउन हॉल पहुंची। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की भागीदारी से यात्रा में विशेष उत्साह नजर आया।एमएलसी वंदना वर्मा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान नौ से 17 अगस्त तक गौरव और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिला मुख्यालय के अलावा तहसील, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।मुख्य विकास अधिकारी ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का ध्यान रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत होती है।यात्रा के समापन पर टाउन हॉल में फिर वंदे मातरम का गायन हुआ। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव, जिला मिशन प्रबंधक केएन पांडेय, जिला उपक्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव, अपर सूचना अधिकारी नरसिंह, जिला युवा अधिकारी अवेक्षा कपूर समेत जिला स्तरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार और भारत भूषण ने किया।