मुजफ्फरनगर। मीरापुर थाना क्षेत्र के कैथोड़ा गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दीपु नामक युवक की मौत हो गई, जबकि रिया और साजना घायल हो गईं। दोनों का जानसठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया।बताया गया कि रिया अपने साले दीपु और ननद साजना के साथ मोटरसाइकिल से मीरापुर क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध पीर पर दर्शन और प्रसाद चढ़ाने गई थीं। धार्मिक स्थल पर पूजा-अर्चना करने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे। कचौड़ा गांव के पास पहुंचने पर उनकी मोटरसाइकिल को किसी अज्ञात वाहन ने तेज टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और घायलों की मदद में जुट गए। सूचना मिलने पर कचौड़ा पुलिस चौकी प्रभारी मोहित कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दीपु को मृत घोषित कर दिया। रिया और साजना का उपचार शुरू कर दिया गया। दीपु की मौत की सूचना परिवार को मिली तो परिजन अस्पताल पहुंच गए और परिवार में मातम छा गया।जानकारी के अनुसार दीपु रामपुर गांव का रहने वाला था और रिश्ते में रिया का साला था। तीनों धार्मिक स्थल पर दर्शन और प्रसाद चढ़ाने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हो गया।पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने भी अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।