मुजफ्फरनगर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के परिसर से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार कपिल देव अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर प्रशिक्षणरत छात्र-छात्राओं को रैली के लिए रवाना किया।रैली रवाना करने के दौरान राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य देशवासियों के मन में राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और राष्ट्रभावना को और मजबूत करना है। उन्होंने प्रशिक्षणरत छात्र-छात्राओं, अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर सम्मान के साथ तिरंगा फहराने का आह्वान किया।तिरंगा रैली राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर से शुरू होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-58 के रास्ते विकास भवन पहुंची। इसके बाद रैली वापस संस्थान परिसर पहुंची, जहां सामूहिक राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। रैली के दौरान मार्ग पर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।कार्यक्रम जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, मंडलीय संयुक्त निदेशक सहारनपुर मंडल बीबी सिंह, आईएमसी के चेयरमैन राजेश जैन, महाप्रबंधक गांधी टेंट हाउस पंकज जैन, अनुज गोयल, प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई बुढ़ाना अंकित सिंघल, कार्यदेशक संजय कुमार सहित राजकीय आईटीआई मुजफ्फरनगर और पुरकाजी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।इसके अलावा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन कार्यालय के एमआईएस प्रबंधक अक्षय कुमार, निजी प्रशिक्षण प्रदाताओं के प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी रैली में शामिल हुए। मंडलीय संयुक्त निदेशक कार्यालय से गोविंद राम, वरिष्ठ सहायक तथा बालेश कुमार भी उपस्थित रहे।रैली के समापन पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मुजफ्फरनगर के नोडल प्रधानाचार्य मुकेश प्रताप सिंह ने कार्यक्रम में शामिल सभी पदाधिकारियों, अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।