मुजफ्फरनगर। जिले के अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों के लिए अगस्त माह के खाद्यान्न वितरण की तिथि बढ़ाकर 25 अगस्त कर दी गई है। अब पात्र लाभार्थी संबंधित उचित दर विक्रेता की दुकान से ई-वेइंग लिंक्ड ई-पॉस मशीन के माध्यम से नियमानुसार निःशुल्क खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे।जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत अगस्त माह के लिए अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को उनके कार्ड से संबद्ध प्रत्येक यूनिट के आधार पर खाद्यान्न का वितरण किया जाना था। पूर्व में वितरण की अवधि 5 से 18 अगस्त तक निर्धारित की गई थी।उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के चलते 3 से 11 अगस्त के बीच कुछ जनपदों में खाद्यान्न का उठान और वितरण अपेक्षित गति से नहीं हो सका। इसी को देखते हुए शासन ने लाभार्थियों की सुविधा के लिए अगस्त माह के खाद्यान्न वितरण की अवधि 25 अगस्त तक बढ़ा दी है।25 अगस्त तक ई-पॉस मशीन के माध्यम से आधार आधारित वितरण जारी रहेगा। मोबाइल ओटीपी के जरिए खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा भी 18 अगस्त के साथ 25 अगस्त को उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा कार्डधारकों को पोर्टेबिलिटी के माध्यम से आवश्यक वस्तुएं प्राप्त करने की सुविधा भी 25 अगस्त तक मिलती रहेगी।जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित उचित दर विक्रेता से अपना निःशुल्क खाद्यान्न प्राप्त कर लें। सभी उचित दर विक्रेताओं को शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ई-पॉस मशीन के माध्यम से खाद्यान्न वितरण करने के निर्देश दिए गए हैं। वितरण के दौरान दुकानों पर नियुक्त पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएगी।