शामली। खंदरावली गांव के जंगल में खेत पर आम के पेड़ से 26 वर्षीय युवक का शव रस्सी के सहारे लटका मिलने से क्षेत्र में मामला चर्चा में आ गया। मृतक की पहचान किवाना गांव निवासी परीक्षित के रूप में हुई है। वह शामली स्थित एक निजी वित्त कंपनी में वसूली कर्मचारी के तौर पर काम करता था। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है, जबकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।बताया गया कि खंदरावली गांव निवासी किसान रविंद्र सिंह शाम के समय अपने खेत पर पहुंचे थे। खेत में आम के पेड़ पर एक युवक का शव लटका देखकर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। शव के पास एक मोटरसाइकिल खड़ी मिली, जिस पर एक बैग भी रखा था। मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान किवाना निवासी परीक्षित के रूप में की गई।जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मौके की जांच की। इसके बाद पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली।परीक्षित के पिता गजेंद्र सिंह किसान हैं। परिजनों के अनुसार परीक्षित रोजाना की तरह घर से मोटरसाइकिल लेकर काम पर जाने की बात कहकर निकला था। बताया गया कि उसे खंदरावली क्षेत्र में काम के सिलसिले में जाना था। इसके बाद वह वापस घर नहीं पहुंचा और उसका शव खेत में पेड़ से लटका मिला।मृतक के पिता ने बेटे की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। हालांकि घटना के संबंध में पुलिस को परिजनों की ओर से तत्काल कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। परिजनों का कहना है कि मौत की परिस्थितियां संदिग्ध हैं और पूरे मामले की जांच की जानी चाहिए।वहीं ग्राम प्रधान पंकज मलिक के अनुसार परीक्षित स्वभाव से सीधा-सादा युवक था। गांव में उसकी किसी से विवाद होने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस इसी आधार पर युवक के घर से निकलने से लेकर घटनास्थल तक पहुंचने की परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है।जांच अधिकारी बच्चू सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस ने मौत के कारण को लेकर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *