मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के गांव बाननगर में बेटे के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर उसे बचाने पहुंची मां के साथ भी मारपीट करने का मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया कि हमलावर घर में घुस आए और उसके बेटे रोहित के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया। बीच-बचाव करने पर उसके साथ भी मारपीट की गई। मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गांव बाननगर निवासी मेमता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका बेटा रोहित कुछ लोगों के गांजा बेचने की शिकायत अधिकारियों से करता था। इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष उससे नाराज चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते आरोपियों ने रोहित के साथ मारपीट शुरू कर दी।जब बेटे को बचाने के लिए वह मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी गाली-गलौज की। आरोप है कि इसके बाद हमलावर घर के भीतर घुस आए और परिवार के लोगों के साथ मारपीट की।तहरीर में बताया गया कि मारपीट के दौरान रोहित के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया। घटना में मेमता के साथ रोहित, गीता और पिन्टू के घायल होने की बात भी शिकायत में कही गई है। हमलावरों ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, रोहित को चेतावनी दी गई कि यदि उसने आरोपियों के खिलाफ अधिकारियों से शिकायत की तो उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।महिला ने मामले में कार्रवाई के लिए 18 अगस्त को थाना कोतवाली नगर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर काला और धीर सिंह पुत्रगण बनवारी, महीपाल पुत्र ज्योति तथा पिताम्बर पुत्र अन्तु निवासी गांव बाननगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना में घायल बताए गए लोगों की चिकित्सकीय जानकारी समेत अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस आरोपों की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *