गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के विक्रम इलाके में महज 20 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद फरार आरोपी समीर उर्फ गट्टू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 23 वर्षीय मुस्ताक के रूप में हुई है। बताया गया कि 20 रुपये को लेकर मुस्ताक और सीमापुरी, दिल्ली निवासी समीर उर्फ गट्टू के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर समीर ने मुस्ताक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मुस्ताक को राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को उसके डीएवी कट के आसपास पहुंचने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।पुलिस के मुताबिक वजीराबाद रोड की ओर से डीएलएफ की तरफ जा रहे बाइक सवार युवक को रुकने का संकेत दिया गया। उसने पुलिस को देखकर बाइक मोड़ ली और टेलीफोन एक्सचेंज वाली गली की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बाइक कूड़े के ढेर से टकराकर गिर गई।इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया। इसके अलावा हत्या में इस्तेमाल चाकू, 700 रुपये और तंबाकू का पैकेट भी मिलने की बात पुलिस ने कही है।पूछताछ में आरोपी ने मुस्ताक पर चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की है। जांच में यह भी सामने आया कि समीर उर्फ गट्टू के खिलाफ शालीमार गार्डन थाने में पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group