मुजफ्फरनगर। भौरा कलां थाना क्षेत्र के गांव शिकारपुर में बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला के पति इंतजार ने अपने चाचा रईस पर घर में घुसकर पत्नी के साथ मारपीट करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गांव शिकारपुर निवासी इंतजार पुत्र नवाब ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी बहन इशरत को दवाई दिलाने के लिए बुढ़ाना क्षेत्र के गांव मदवाड़ा गया था। घर पर उसकी पत्नी शहजादी मौजूद थी।आरोप है कि बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर इंतजार का चाचा रईस पुत्र नासीर उसके घर पहुंचा। उसने शहजादी के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर दी।महिला की आठ वर्षीय बेटी चांदनी ने मां के साथ मारपीट होते देख शोर मचा दिया। शोर सुनकर आरोपित वहां से चला गया। आरोप है कि जाते समय उसने शहजादी को धमकी भी दी।इंतजार के वापस लौटने पर पत्नी ने उसे घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित की तलाश में उसके घर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला।बाद में इंतजार ने भौरा कलां थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रईस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपित की तलाश में जुटी है।