मेरठ/मंगलौर। प्रेम संबंध का विरोध करने पर बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी मां कविता की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी उन्नति ने प्रेमी आकाश चौहान के साथ मिलकर वारदात की और शव को मेरठ से करीब 125 किलोमीटर दूर हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र में गंगनहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल कार और चाकू बरामद करने का दावा किया है। कविता मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र के नटेश पुरम में पति अरविंद के साथ रहती थीं। मूल रूप से उनका परिवार मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के ओली माजरा गांव का रहने वाला बताया गया है। कविता की बेटी उन्नति का आकाश चौहान के साथ प्रेम संबंध था। कविता इस रिश्ते का विरोध करती थीं। इसी बात को लेकर दोनों ने उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची।बताया गया कि 17 अगस्त की सुबह उन्नति ने पिता से मां को बरेली स्थित मनोना धाम दर्शन कराने ले जाने की बात कही। इसके बाद वह कविता को कार से लेकर निकली। पुलिस के अनुसार कार आकाश चला रहा था, जबकि उन्नति पीछे मां के साथ बैठी थी। रास्ते में कविता को नींद आने पर उन्नति ने चाकू से उनकी गर्दन पर वार कर दिया। हत्या के बाद शव को बोरी में रखा गया और कार की डिग्गी में डाल दिया गया।इसके बाद दोनों शव को लेकर हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र पहुंचे। वहां गंगनहर किनारे झाड़ियों में शव फेंककर आरोपी वापस लौट गए। 18 अगस्त को स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने महिला का शव बरामद किया। गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका में जांच शुरू की गई।मंगलौर पुलिस ने शव की पहचान और आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान करीब 200 कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई। संदिग्ध कार की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके आधार पर उन्नति और आकाश तक पहुंच बनाई। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कार और चाकू बरामद करने की बात कही है। मामले में मृतका के पति अरविंद की ओर से दोनों के खिलाफ मंगलौर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार हत्या की मुख्य वजह उन्नति और आकाश के बीच प्रेम संबंध तथा कविता का इस रिश्ते का विरोध करना सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group