मुजफ्फरनगर। खतौली कस्बे के कानूनयान बड़ा बाजार स्थित आरोही ज्वेलर्स में दिनदहाड़े चोरी की वारदात से व्यापारियों में चिंता बढ़ गई। दुकान बंद कर खाना खाने गए सराफ के लौटने पर गल्ला टूटा मिला और उसमें रखी नकदी व सोने का सामान गायब था। चोर दुकान के बाहर रखा चांदी का रिपेयरिंग का सामान भी ले गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार दुकान स्वामी प्रिंस आजाद 19 अगस्त को दोपहर करीब सवा दो बजे दुकान बंद कर खाना खाने घर चले गए थे। दुकान के बाहर उन्होंने बंद होने का बोर्ड भी लगा दिया था। इसी दौरान एक व्यक्ति दुकान में दाखिल हुआ और गल्ला तोड़कर उसमें रखी नकदी तथा सोने की पुड़िया निकाल ली।प्रिंस आजाद के अनुसार चोर दुकान से करीब आठ ग्राम सोना और एक लाख 30 हजार रुपये नकद ले गया। इसके अलावा दुकान के बाहर रखा करीब 300 ग्राम चांदी का रिपेयरिंग का सामान भी चोरी कर लिया गया। कुछ देर बाद दुकान पर लौटने पर सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी का पता चला।दुकानदार ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो उसमें एक संदिग्ध व्यक्ति वारदात करते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए।वारदात की जानकारी मिलने पर सराफा व्यापारियों में भी नाराजगी है। व्यापारियों ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर घटना का जल्द पर्दाफाश करने की मांग की। साथ ही बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध लोगों पर नजर रखने की मांग उठाई।पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group