शामली। कांधला कस्बे के मोहल्ला खेल में मामूली विवाद के बाद देवर पर भाभी की फावड़े से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन उपचार के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतका की पहचान गुल्लो के रूप में हुई है। वह कैराना निवासी शेरदीन की बेटी थी। करीब छह वर्ष पहले उसकी शादी कांधला के मोहल्ला खेल निवासी उमर के साथ हुई थी। गुल्लो दो बच्चों की मां थी।बताया गया कि गुल्लो का अपने देवर आसिफ से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर आसिफ ने घर में रखा फावड़ा उठाकर गुल्लो पर हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से गुल्लो लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई।परिजन आनन-फानन में घायल गुल्लो को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना से उसके दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।सूचना मिलने पर कांधला थाना प्रभारी बच्चू सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कराया और फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार आरोपी आसिफ घटना के बाद फरार है। बताया गया है कि वह करीब पांच वर्ष पहले एक रिश्तेदार की हत्या के मामले में जेल जा चुका है और कुछ समय पहले ही बाहर आया था। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।