कुरुक्षेत्र। पेहोवा रोड स्थित राज पैलेस के पास किराये के मकान में एक महिला पर अपने पति की चाकू से हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात के बाद शव की स्थिति और पोस्टमार्टम में कुछ अंगों के गायब मिलने से मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस हत्या के कारण के साथ-साथ गायब अंगों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।मृतक की पहचान करीब 40 वर्षीय राजेश के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले का रहने वाला था और करीब एक वर्ष से अपनी पत्नी विमला देवी के साथ कुरुक्षेत्र में रह रहा था। बताया गया है कि वह पानी सप्लाई का काम करता था। दोनों के बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है।बताया गया कि मकान मालिक रिंकू ने घर से पति-पत्नी के बीच विवाद और चीखने की आवाजें सुनीं। वह मौके पर पहुंचा तो राजेश गंभीर हालत में मिला। उसके पेट पर चाकू से गहरे वार किए गए थे। पुलिस के अनुसार, पेट पर करीब 35 से 37 सेंटीमीटर लंबा चीरा होने की बात सामने आई है। आरोप है कि विमला बाहर निकली आंतों को प्लास्टिक के थैले में रखने का प्रयास कर रही थी।मकान मालिक के मौके पर पहुंचने के बाद विमला ने छत से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फिलहाल उसके स्वास्थ्य में सुधार का इंतजार कर रही है, ताकि पूछताछ के बाद घटना की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके। घटनास्थल से तीन चाकू भी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।मामले में सबसे बड़ा सवाल पोस्टमार्टम के दौरान सामने आया। जांच में राजेश के शरीर से करीब आधा लीवर और दाहिनी किडनी गायब मिली। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों अंग किस परिस्थिति में गायब हुए और उनका हत्या की घटना से क्या संबंध है। इस बिंदु पर फॉरेंसिक जांच भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।मकान मालिक के अनुसार विमला झाड़-फूंक से जुड़े काम भी करती थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसे हत्या की वजह नहीं माना है। पुलिस पति-पत्नी के बीच पुराने विवाद, हत्या के घटनाक्रम, बरामद चाकुओं और शरीर से गायब मिले अंगों समेत सभी पहलुओं को जोड़कर जांच कर रही है। आरोपी महिला के स्वस्थ होने के बाद पूछताछ में हत्या की वजह और घटना की पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group